कंदवा। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को तीन माह से वेतन नहीं मिला है ।इससे उनके सामने आर्थिक समस्या उत्पन्न हो गई है। विभागीय उपेक्षा को लेकर परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों में नाराजगी है। शिक्षकों का आरोप है कि बीएसए कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों की मनमानी और लापरवाही से ही अब तक उनका तीन माह का वेतन नहीं मिला है।
बरहनी विकास खंड में 109 प्राथमिक और 54 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को तीन माह के बाद भी आज तक वेतन नहीं मिल पाया है। इससे शिक्षकों के समक्ष समस्या उत्पन्न हो गई है। इसे लेकर शिक्षकों में काफी गहरी नाराजगी है। शिक्षकों ने विभागीय उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा है कि तीन माह बीतने के बाद भी हमें आज तक वेतन नहीं मिला है। इससे गुजारा करना मुश्किल हो रहा है। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ बरहनी के अध्यक्ष डाक्टर संजय सिंह और उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला कोषाध्यक्ष रमेश राय ने बताया कि कई बार लेखाधिकारी और अन्य अधिकारियों से बातचीत के बाद भी शिक्षकों को वेतन नहीं मिल सका है ।जिससे इस मंहगाई के दौर में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। दोनों पदाधिकारियों ने चेताया कि अगर एक सप्ताह में शिक्षकों का वेतन नहीं मिलता है तो हम संगठन के बैनर तले धरना-प्रदर्शन को बाध्य होंगे।