सकलडीहा(ब्यूरो)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के आस पास लगी दर्जनों गुमटियों को अधिकारियों के निरीक्षण के पूर्व रविवार को हटा दिया गया। एका एक गुमटियों को हटाने से दुकानदारों में खलबली की स्थिति रही। सोमवार को पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल के अधिकारी स्टेशन का निरीक्षण करेंगे। इसी वजह स्थानीय अधिकारी सक्रिय नजर आ रहे हैं।
स्टेशन से सटे रेलवे की भूमि पर जीआरपी और रेल अधिकारियों की अनदेखी की वजह से अनेक चाय पान की गुमटियां संचालित हो रही है। अक्सर ही अधिकारियों के आने की सूचना पर इन्हें हटाया जाता है लेकिन फिर से वे काबिज हो जाते हैं। सोमवार को दानापुर मंडल के उच्चाधिकारियों द्वारा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया जाना है। इसको लेकर दो दिन से रेलवे प्लेटफार्म से लेकर प्रतीक्षालय और शौचालय की साफ सफाई की जा रही है। यही नही रविवार को स्टेशन परिसर के समीप दर्जनों गुमटियों को भी हटवाया गया। इस संबंध में डिप्टी एसएस नवल किशोर सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से गुमटियां रखी गई हैं उसे हटाने के लिये निर्देश दिया गया है।