सेना भर्ती मुख्यालय वाराणसी द्वारा चंदौली जिले के शहीद कैप्टन विजय
प्रताप सिंह पीजी कालेज के ग्राउंड में चल रही सेना भर्ती के तीसरे दिन
गुरुवार को वाराणसी जिले के युवाओं ने भाग लिया।
कड़ी सुरक्षा
व्यवस्था के बीच 7180 अभ्यर्थियों को टोकन बांटा गया, जिसमें 665 अभ्यर्थी
दौड़ की परीक्षा में सफल रहे। सफल अभ्यर्थियों को शुक्रवार को मेडिकल के
लिए भेजा जाएगा।
भर्ती रैली में वाराणसी जिले के अभ्यर्थियों के लिए
गुरुवार को दो ट्रेडों जीडी और ट्रेडमैन के लिए भर्ती प्रक्रिया पूरी की
गई। इसके तहत जीडी के लिए 5480 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
जिसमें 567
अभ्यर्थी सफल रहे। इसी प्रकार ट्रेडमैन के लिए 1700 टोकन बांटे गए। जिसमें
से 98 अभ्यर्थी सफल हुए। इस संबंध में कर्नल सेना भर्ती कार्यालय वाराणसी
के विनीत प्रभात ने बताया कि भर्ती में पूरी तरह पारदर्शिता बरती जा रही
है। स्क्रीनिंग के दौरान अभ्यर्थियों को पांच स्टेज पूरे करने होते हैं।
इसमें सफल होने के बाद उनके प्रमाणपत्र वेरिफिकेशन किए जाते हैं। इसके
पश्चात सफल अभ्यर्थियों को मेडिकल के लिए भेजा जाता है। सफल अभ्यर्थियों की
लिखित परीक्षा नवंबर माह में होगी।
इस संबंध में जिलाधिकारी सुरेंद्र
विक्रम ने बताया कि भर्ती में जिला प्रशासन सेना कार्यालय से पहुंचे
अधिकारियों को पूरी सुरक्षा व्यवस्था दे रहा है। चप्पे चप्पे पर फोर्स
तैनात है। असफल अभ्यर्थियों को सुरक्षा में लगे जवान तत्काल लाइन बनवाकर बस
और ट्रकों में बैठाकर उन्हें उनके जनपद तक पहुंचा रहे हैं।