नियामताबाद। विकासखंड के भटरिया गांव के नौनिहाल आजाद यादव को सीओ सदर त्रिपुरारी पांडेय ने शुक्रवार को बाल मजदूरी से आजाद कराते हुए विद्यालय में उसका नामांकन कराया। वहीं लालता प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रबंधक चंद्रजीत यादव ने भी सीओ सदर की इस पहल से प्रेरित होकर बच्चे को मुफ्त में शिक्षा देने का संकल्प लिया।
सीओ सदरपीडीडीयू नगर के चकिया तिराहा स्थित पुलिस सहायता केंद्र पर जांच पड़ताल कर रहे थे। इसी बीच उन्होंने एक बालक को चाय की केतली ले जाते देखा। इसपर उन्होंने दुकानदार से बच्चे के विद्यालय न जाने का कारण पूछा। दुकानदार ने बताया कि बच्चा भटरिया गांव का रहने वाला है। उसके पिता रामबृक्ष की करीब तीन वर्ष पूर्व मौत हो गई। मां प्रेमशीला अपने तीन बच्चों के साथ गांव में रहती है। भाई बहनों में बड़ा होने के कारण प्रेमशीला ने आजाद को घर का खर्च चलाने के लिए दुकान पर लगा दिया है। इसपर सीओ सदर ने रेलवे चौकी प्रभारी राजनारायण पांडेय को बच्चे का नामांकन किसी विद्यालय में कराकर प्रतिदिन स्कूल भेजने और होमवर्क कराने की जिम्मेदारी सौंपी। सीओ के इस निर्देश पर एसआई राजनारायण पांडेय आजाद को लेकर भटरिया स्थित लालता प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने विद्यालय प्रबंधक को पूरी बात बताई। प्रबंधक ने भी बच्चे को मुफ्त शिक्षा देने की बात कही। आजाद का नामांकन कक्षा तीन में किया गया। सीओ सदर के इस पहल की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है।