पीडीडीयू नगर। नगर के कैलाशपुरी मुहल्ले में एक सप्ताह से बीमार होकर सड़क पर पड़ी गाय का इलाज सीएमओ पोर्टल पर शिकायत के बाद मंगलवार को शुरू हुआ। क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एसपी पांडेय की देख-रेख में चिकित्सकों ने गाय का इलाज किया। यही नहीं उसे अच्छे इलाज के लिए नियामताबाद अस्पताल पर ले गए।
एक सप्ताह पहले एक गाय बीमार हो गई और कैलाशपुरी में सड़क पर बैठ गई। आस पास के लोगों ने उसे उठाने का प्रयास किया लेकिन उसकी हालत खराब होती गई। यह देख मुहल्ले के लोगों ने उसके वहीं खाने पीने का इंतजाम किया लेकिन वह पड़ी रही। मुहल्ले के चंद्रकांत उर्फ डब्बा तिवारी, डॉ. विजय उपाध्याय, शिवम उपाध्याय, आलोक शुक्ला, कुशल केशरी, आशुतोष मिश्र ने इसकी शिकायत पशु चिकित्साधिकारी से की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस पर मंगलवार को मुहल्ले के लोगों ने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर इसकी शिकायत की। इसके बाद आनन फानन में मुख्य चिकित्साधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गाय का इलाज किया। उन्होंने बताया कि पालिथीन की वजह से पशुओं की हालत गंभीर हो रही है। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक के थैले इधर उधर न फेंकने और उपयोग न करने की अपील की।