कमालपुर। कस्बा क्षेत्र के बभनियाव गांव की दलित बस्ती में लगाया गया ट्रांसफार्मर एक माह से जला है। ट्रांसफार्मर न बदले जाने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को जले ट्रांसफार्मर के समीप ढिबरी व लालटेन लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार व बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी भी की। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र जले ट्रांसफार्मर को बदला नहीं गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
ट्रांसफार्मर जलने से काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने जला ट्रांसफार्मर बदलने की सूचना टोल फ्री नंबर 1912 पर की तो पता चला कि जले ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए नया ट्रांसफार्मर तीन दिन पहले साहूपुरी के स्टोर रूम से चला गया है। तीन दिन बीत जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर के गांव में नहीं पहुंचा। पूर्व प्रधान सियाराम ने कहा कि एक ओर प्रदेश सरकार 24 घंटे में जले ट्रांसफार्मरों को बदलने का फरमान जारी कर रही है लेकिन ऐसा है नहीं । प्रदर्शन करने वालों में राजेश पंडा, विद्यासागर, राकेश, अरविंद, नरेंद्र, कुमारी, मुन्नी, जूठनदेव, फूलमती, पुष्पा, राधिका, दुर्गा, लालमणी, सोनी, सुमन, शांति, उषा, सुनीता, गुड्डी, ममता, हनुमान, अशोक, विजय, प्यारे, सुभाष, ओमप्रकाश शामिल रहे।