इलिया। खेतों तक नहर का पानी न पहुंचने से नाराज बसाढ़ी गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को चंदा लगाकर जेसीबी से नहर की सफाई कराई। इस दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही किए जाने का आरोप लगाया।
गांव के माइनर में घास फूस व गंदगी भर जाने से खेतों तक नहर का पानी नहीं पहुंच पा रहा था। दरअसल गर्मी के दिनों में माइनर में पानी न रहने से वह कूड़ा करकट से पट गया था। इससे खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा था। किसानों का आरोप है कि माइनर की सफाई के लिए कई बार सिंचाई विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया पर सफाई नहीं कराई गई। इन दिनों धान की फसल के लिए पानी की आवश्यकता को देखते हुए परेशान किसानों ने माइनर की सफाई कराने का जिम्मा स्वयं लिया और चंदा इकट्ठा कर जेसीबी लगाकर पूरे माइनर की सफाई कराकर खेतों तक पानी पहुंचने के लायक बनाया। चंदा देने वाले ग्रामीणों में अरविंद पासवान, भोला गुप्ता, सुजीत कुमार, नन्हे साव, मनोज कुमार शामिल रहे।