नियामताबाद। प्रदेश सरकार के विशेष दूत प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने सोमवार को नियामताबाद गांव में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। इस दौरान ग्रामीणों से पूछ- पूछ कर विकास कार्यों की हकीकत जानी। इस दौरान पीएम आवास, शौचालय, विकलांग, वृद्धा, विधवा पेंशन, हैंडपंप, सड़क आदि की स्थिति जानी। खराब पांच हैंडपंपों को ग्राम पंचायत निधि से रिबोर कराने का निर्देश दिया तथा हैंडपंपों के पानी की जांच का निर्देश दिया।
चौपाल में विभागीय अधिकारियों ने बताया कि गांव में कुल 148 पीएम आवास आवंटित किए गए हैं। जिनमें 129 आवास पूर्ण हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने आगामी वित्तीय वर्ष में 348 आवास देने का आश्वासन दिया। विकलांग, विधवा, वृद्धा पेंशन के बचे लोगों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया। वहीं गांव में लगे 68 हैंडपंपों के पानी की जांच का आदेश दिया। साथ ही पांच हैंडपंपों को ग्राम पंचायत निधि से रिबोर का निर्देश दिया। गांव में कुल पूर्ण पचास शौचालयों पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। वहीं 311 शौचालयों को फरवरी माह के अंत तक पूरा करने का निर्देश दिया। इस मौके पर डीएम हेमंत कुमार, सीडीओ अभय श्रीवास्तव, एसडीएम दीप्तिदेव, तहसीलदार हीरालाल, बीएसए भोलेन्द्र प्रताप सिंह, सीएमओ डॉ. पीके मिश्रा, बीडीओ राजन राय, ग्रामप्रधान किरण सिंह, अजय सिंह, डीएन यादव, एसडीओ श्यामलाल, बीईओ सुरेश सिंह, डॉ जेपी सिंह, चंचला पाठक, धनन्जय सिंह, दिग्विजय कुमार, लाल अमरेंद्र सिंह, रणजीत सिंह, श्रीश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
आवास का फीता काटकर किया उद्घाटन
नियामताबाद(ब्यूरो)। प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने गांव में बने प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी कांति देवी के आवास का फीता काटकर उद्घाटन किया। साथ ही लाभार्थी को आवास की चाबी भी सौंपी। करीब आधा दर्जन पीएम आवासों का उन्होंने निरीक्षण किया। प्रमुख सचिव ने सभी लाभार्थियों से उनके आवास, मनरेगा मजदूरी, शौचालय आदि की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने ग्रामप्रधान किरण सिंह व सचिव दिग्विजय कुमार की प्रशंसा भी की।
बच्चों से 17 और 19 का पहाड़ा सुना
नियामताबाद(ब्यूरो)। प्रमुख सचिव अनुराग कुमार ने प्राथमिक विद्यालय नियामताबाद प्रथम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं के फर्श पर लगी टाइल्स, शौचालय, साफ सफाई आदि की व्यवस्था देखी। उन्होंने पांचवी की छात्राएं रानी व वंदना से क्रमश: 17 व 19 का पहाड़ा सुना। इसपर उन्होंने दोनों छात्राओं को पांच-पांच सौ रुपये का नगद पुरस्कार दिया। इस मौके पर प्रधानाध्यापिका रिजवाना बानो, चंचला पाठक, सुमन तिवारी, निशा चौरसिया, बंदना आदि मौजूद रहीं।