चंदौली। शासन के निर्देश पर भू माफियाओं के खिलाफ वृहद अभियान चलाया गया। पुलिस और पीएसी बल की मौजूदगी में सदर तहसील क्षेत्र के दो गांवों में प्रशासनिक अधिकारियों ने अतिक्रमण पर बुलडोजर चलवाया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों ने कार्रवाई का विरोध भी किया लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे उनकी एक नहीं चली।
सदर तहसील क्षेत्र के इमलियां गांव में तहसीलदार गुलाब चंद्रा और नायब तहसीलदार बृजेश कुमार की देखरेख में तालाब की जमीन पर बने निर्माणों को जेसीबी से हटाया गया। इस दौरान धीना, कंदवा और चंदौली थाने की पुलिस के अतिरिक्त पीएसी बल मौजूद रहा। क्षेत्र के रामपुर मचियां गांव में भी चहमन पौदार से अतिक्रमण हटाया गया। तहसीलदार गुलाब चंद्रा ने बताया कि इमलियां और रामपुर मचियां के अलावा शिवापुर, दिघवट, गौरी, और हलुआ में भी अतिक्रमणकारियों को चिन्हित किया गया है। बताया कि सभी लेखपालों को निर्देश दे दिया गया है कि आगामी मंगलवार को अपने-अपने क्षेत्र के ग्राम पंचायतों में प्रधान के सहयोग से मुनादी करा दें कि जिस भी व्यक्ति ने सार्वजनिक स्थानों पर अवैध निर्माण किया है वह स्वयं उसे हटा ले अन्यथा बुलडोजर और जेसीबी के जरिए अतिक्रमण हटाया जाएगा। विरोध करने वालों के विरुद्घ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। बताया कि शासन के निर्देश पर 31 मार्च तक सभी सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त किया जाना है। इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम संयुक्त रूप से अभियान चलाएगी। तहसीलदार ने बताया कि एसडीएम सदर विकास कुमार सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा है।