मुगलसराय। शिकारगंज क्षेत्र के जागेश्वरनाथ विद्युत उपकेन्द्र से संचालित सिकंदरपुर तथा शिकारगंज फीडर के सैकड़ो गांवो में लो बोल्टेज की समस्या से उपभोक्ताओ के सामने संकट खड़ा हो गया है। जागेश्वरनाथ विद्युत उपकेन्द्र की हालात दयनीय होने के कारण 60 से 70 बोल्ट करेंट उपभोक्ताओ के घरो में पहुंच रहा है। जिससे आजीज होकर बुधवार को सिकंदरपुर बड़ी आबादी के बाजार में उपभोक्ताओ ने विद्युत विभाग के विरूद्ध रोष जताते हुए प्रदर्शन किया।
जागेश्वरनाथ उपकेन्द्र से सिकंदरपुर तथा शिकारगंज फीडर पर लगभग हजारो उपभोक्ता जुड़े है। जो विद्युत बिल का भुगतान भी कार्यालय पहुंचकर करते है। सरकार द्वारा निर्धारित विद्युत सप्लाई मिलने में लो बोल्टेज उपभोक्ताओ के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। जिसके कारण पेयजल आपूर्ति, पंखा, कूलर, आटा चक्की प्रभावित हो रहा है। लो बोल्टेज से उमस भरी गर्मी में लोगो का जीना मुहाल हो गया है। ग्रामीण दिन में तो किसी तरह पेड़ की छाव में बैठकर दिन बिता लेते है, परन्तु रात बिताना मुश्किल हो गया है। उपभोक्ताओं के घरों में लगे पंखे, कूलर, फ्रिज शोभा की वस्तु बन गई है। जिससे आजीज आकर सिकंदरपुर बाजार के उपभोक्ताओ ने जमकर प्रदर्शन किया तथा समस्या से निजात दिलाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया। इस दौरान शीतला प्रसाद केशरी, शशिकांत श्रीवास्तव, संतोष जायवाल, अनिल रस्तोगी, शंकर गुप्ता, चंद्रशेखर, विजय चौरसिया, शिवेंद्र यादव, इलियास, मोहम्मद सलीम, मोहम्मद सलवर आदि मौजूद रहे। इस संबंध में सहायक अभियंता गोपाल सिंह ने बताया कि मेन लाइन में तकनीकि खराबी के कारण उपकेन्द्र से लो बोल्टेज की समस्या बनी है। बताया कि समस्या की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।