पीडीडीयू नगर में एसबीआई बैंक के बाहर प्रदर्शन करते बैंककर्मी। स्रोत:-जागरूक पाठक
पीडीडीयू नगर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। कामकाज ठप कर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और अपनी आवाज बुलंद की। हड़ताल के कारण जिले में 16 बैंकों की 60 शाखाओं पर ताले लटके रहे। इससे 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का लेनदेन प्रभावित होने का अनुमान है। वहीं, बैंकों से जुड़े 10 लाख से ज्यादा ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, न्याय संगत पीएलआई और पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को पूरे जिले के बैंक कर्मचारी और अधिकारी राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल हुए। इस दौरान कर्मचारियों ने बैंकों पर ताला बंद कर प्रदर्शन और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
वहीं, बैंकों के बंद होने से नकद जमा और निकासी के साथ, चेक जमा और भुगतान, ड्राफ्ट, बैंकर्स चेक आदि जारी करने का काम नहीं हो सका। इसी तरह खाता खोलने और केवाईसी से जुड़े काम ठप रहे। हालांकि यूपीआई, एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं आमतौर पर चालू रहती हैं, लेकिन तकनीकी या बैंक-स्तरीय कारणों से कुछ लेनदेन प्रभावित हुआ।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन वाराणसी अंचल के उपमहामंत्री मनोज सिंह ने बताया कि हड़ताल के कारण 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का लेन-देन प्रभावित हुआ है। वहीं, अग्रणी जिला प्रबंधक सुनील कुमार भगत ने कहा कि कर्मचारियों और अधिकारियों की हड़ताल से बैंकों का काम प्रभावित हुआ है। कितने का कारोबार प्रभावित हुआ, इसका आंकलन उनके पास नहीं है।
पीडीडीयू नगर में एसबीआई बैंक के बाहर प्रदर्शन करते बैंककर्मी। स्रोत:-जागरूक पाठक