पीडीडीयू नगर। चंदौली से गाजीपुर जिले तक 58 किलोमीटर का ग्रीन फील्ड हाईवे का निर्माण किया जाएगा। हाईवे निर्माण के लिए चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने 9 अगस्त को केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा था। जिसके बाद 28 नवंबर को परिवहन मंत्री ने उसका जवाब देते हुए कहा कि आपके अनुरोध पर अधिकारियों को हाईवे का डीपीआर बनाने का निर्देश दिया गया है।
चंदौली के पड़ोसी जनपद गाजीपुर को जोड़ने वाली सड़कें काफी जर्जर हैं। सड़कों पर सैकड़ों गड्ढे हैं। इस मार्ग पर रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। लेकिन सड़क अच्छी न होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यहां हाईवे निर्माण की मांग जनता ने सांसद से की थी जिसके बाद सांसद वीरेंद्र सिंह ने परिवहन मंत्री से अनुरोध किया था। सांसद वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क के निर्माण से चंदौली जिले के निवासियों को लाभ होगा और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
साथ ही साथ कर्मनाशा नदी के किनारे बेहतर सुविधा प्रदान करने का मौका मिलेगा। कहा कि इस कार्य के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को चंदौली की पूरी जनता के तरफ से आभार व्यक्त करता हूं।