चंदौली। जिला मुख्यालय से करीब दो किमी दूर सदर तहसील स्थित नरसिंहपुर गांव के रास्ते पर बिजली विभाग द्वारा लगाया गया दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना का बोर्ड आचार संहिता को मुंह चिढ़ा रहा है। जबकि जिले में आचार आचार संहिता उलंघन के लिए टीमें गठित की गई हैं। परन्तु अधिकारी कोरम पूर्ति तक ही सिमित है। उनकी शिथिलता से आयोग की मंशा पर सवालिया निशान लग गया है।
निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से लोकसभा चुनाव को संपन्न कराने के लिए हर हाल में आचार संहिता का पालन करने का आदेश दिया है। इसपर जिला निर्वाचन अधिकरी/ डीएम नवनीत सिंह चहल ने जिले में आचार संहिता के अनुपालन के लिए तहसीलवार उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में पांच टीमों का गठन किया है। वहीं विधानसभावार आठ आठ घंटे के अनुसार कुल 12 उड़नदस्ते बनाए गए है। साथ ही सभी थानों पर स्टैटिक निगरानी टीम का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त चार वीडियो निगरानी टीम एवं चार वीडियो अवलोकन टीम भी लगाई गई है। इसके बाद भी अभी तक ग्रामीण इलाकों में कई जगहों पर योजनाओं से संबंधित बोर्ड अभी भी सीना ताने खड़े है। नरसिंहपुर स्थित बोर्ड पर बकाएदे पीएम और सीएम का चित्र भी बना हुआ है। इसको लेकर निष्पक्ष चुनाव को लेकर लोग प्रश्न चिह्न खड़ा करने लगे हैं। एसडीएम सदर अभिषेक गोयल ने बताया कि आचार संहिता के पालन के लिए सभी बोर्ड हटाए जा रहे है। जल्द ही उस बोर्ड को भी हटा दिया जाएगा।