चंदौली। होली के त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने तथा शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए सोमवार को डीएम ने बैठक की। उन्होने धारा 144 के पालन तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए पुलिस के अधिकारियों को निर्देश दिया।
कहा कि होली के त्योहार को परंपरागत ढंग एवं शांतिपूर्ण महौल में मनाया जाय। यह जिला प्रशासन और पुलिस की सबसे अहम जिम्मेदारी है। कहा कि आपसी प्रेम व भाईचारे के त्योहार में रंग में भंगडालने वालों एवं हुड़दंगबाजी व अश्लील हरकत करने वालों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस कड़ी निगरानी रखे। माहौल को बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरुरी है। कहा कि पूरे जनपद में शांति व्यवस्था व कानून व्यवस्था को कायम रखने के लिए अधिकारियों को दायित्व दिया गया है। होलिका दहन से पूर्व पुलिस के लोग अपने थाना क्षेत्रों में भ्रमण करेंगे तथा होली दिन भी वह क्षेत्र में रहेंगे और लोगों सामंजस्य बनाने की अपील करेंगे। कहा कि त्योहार के दौरान विभिन्न स्थानों पर जुलूस निकालने पर प्रतिबंध है। अगर किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो संबंधित अधिकारी को मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करना होगा। कहा कि नगर में साफ सफाई का दायित्व ईओ और ग्रामीण क्षेत्रों में डीपीआरओ को सौंपा गया है। त्योहार के पूर्व सभी जगहों की सफाई जरुरी है। इस दौरान एसपी संतोष सिंह ने कहा कि पुलिस के अधिकारी त्योहार के एक दिन पूर्व ही अपने क्षेत्र के संवेदशील स्थानों का भ्रमण कर ले। साथ ही संभ्रांत लोगों से भी सामंजस्य बनाकर रखे। जिससे किसी प्रकार की परेशानी होने पर उसका निराकरण आसानी से हो सके। इस दौरान एडीएम बच्चालाल, एसडीएम अभिषेक गोयल, रामसजीवन मौर्य, ईओ राजेंद्र प्रसाद, एएसपी आरेशन वीरेंद्र यादव, सीओ त्रिपुरारी पांडेय, प्रदीप सिंह चंदेल, कुवंर प्रभात सिंह, संतोष यादव, राजेंद्र राम उपस्थित रहे।