चंदौली। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सतर्क और सजग है। सोमवार को
अपर जिलाधिकारी बच्चालाल ने जिला निर्वाचन कार्यालय का जायजा लिया। उन्होंने दस्तावेजों के निरीक्षण के साथ ही स्टेशनरी छपाई और जागरुकता कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया। साथ नए मतदाता को जोड़ने के लिए निर्देश दिए। बताया कि कुल 13.92 लाख मतदाता हैं जिसमें नौ हजार 18 वर्ष से कम उम्र वाले नए मतदाता बनाए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी बच्चालाल सोमवार को अवकाश होने के बाद भी जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंचे। जहां सभी कर्मचारी पहले ही मौजूद थे। उन्होंने जागरूकता कार्यक्रमों का विवरण, डाटा अपलोडिंग, स्टेशनरी छपाई की फाइलों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने सप्ताह के अंदर स्टेशनी छपाई के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। कहा कि चुनाव के दौरान इस्तेमाल होने वाली स्टेशनरी का आंकड़ा तैयार कर लें। इसके अनुसार कार्यदाई संस्था से टेंडर कर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आने पाए। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हीरालाल ने बताया कि जिले में अभी तक 13.92 लाख मतदाता बनाए जा चुके हैं। वहीं नौ हजार 18 वर्ष की उम्र वाले नए मतदाता भी बनाए गए हैं। एडीएम ने कहा अभियान चलाकर मतदाताओं का नाम सूची में शामिल किया जाए। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी सूची व आयोग की गाइडलाइन से अवगत कराया जाए। ताकि पारदर्शिता बनी रहे। इस दौरान नीरज कुमार, अली अहमद, डीपी सिंह आदि मौजूद रहे।