पीडीडीयू नगर/ पड़ाव। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले के विरोध में युवाओं ने जुलूस निकालकर पाकिस्तान व आतंकवाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही पाक पीएम इमरान खां का पुतला दहन किया।
महड़ौरा ग्राम प्रधान मनोज यादव के नेतृत्व में युवाओं ने भुपौली सहित दर्जनों गांव में जुलूस निकालकर पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं महरखा गांव में अमित पांडे के नेतृत्व में सभा कर कैंडल जलाकर मृत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस मौके पर राम नगीना शर्मा, सुधीर यादव, पुनवासी गुप्ता, कुबेरनाथ, मौर्य, सोनू पासवान, त्रिवेणी मौर्य मौजूद रहे। उधर डिग्घी गांव में बुद्धूलाल निगम के नेतृत्व में दर्जनों युवाओं ने पंचायत भवन से रैली निकालकर वसीला, झांसी, रामपुर ,बसनी आदि गांवों का भ्रमण कर नारेबाजी की। रैली के वापस पंचायत भवन पहुंचने पर इमरान खां का पुतला दहन किया। रैली में वसीम अहमद, सरवर अली, सरफराज अहमद ,धड़कन शामिल रहे।
पड़ाव संवाददाता के अनुसार, बहादुरपुर गांव के शहीद अवधेश कुमार यादव की याद में क्षेत्रीय युवाओं ने जुलूस निकालकर कटेसर, चौरहट, भोजपुर, आदि गांवों में पाकिस्तान मुर्दाबाद व आतंकवाद मुर्दाबाद के नारे लगाए। जुलूस के स्थानीय चौराहे पहुंचने पर युवाओं ने पाक पीएम का पुतला फूंका। इसके बाद आयोजित शोकसभा में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य शिवशंकर सिंह पटेल नेकहा कि शीघ्र ही आतंकवाद का सफाया कर दिया जाएगा।