शहाबगंज। स्थानीय पशु चिकित्सालय के परिसर में शनिवार को दोपहर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 13 जोड़ों ने रीति रिवाज से विवाह बंधन में बंधे। यहां 10 हिंदू और तीन मुस्लिम जोड़ों का विवाह हुआ। अधिकारियों ने विवाह के बाद नवयुगल को आशीर्वाद और उपहार दिए।
सुबह से ही पशु चिकित्सालय परिसर में विवाह की तैयारियां शुरू हो गई। टेंट लगाया गयाथा तथा शादी मंडप को फूलों एवं गुब्बारों से सजाया। पहले से पंजीकृत युवक और युवतियां परिवार वालों के साथ पहुंचे। यहां बैंडबाजे से बारातियों का स्वागत किया गया। शादी के दूल्हा दुल्हन को सजाया गया । बारात स्वागत के बाद दुल्हा और दुल्हन को विवाह मंडप में पहुंचाया गया। यहां 10 जोड़ों को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हिन्दू रीति रिवाज से विवाह कराया गया जबकि तीन मुस्लिम जोड़ों को कुरान की आयतों के बीच निकाह पढ़ाया गया। बाद मेंखंड विकास अधिकारी धर्मजीत सिंह व एडीओ समाज कल्याण अधिकारी उपेंद्र मिश्रा ने नवयुगल को आशीर्वाद दिया। नवयुगलों को उपहार स्वरूप में कपड़े, शृंगारदान, कलाई घड़ी, मोबाइल फोन, पायल, बर्तन आदि दिए गए। इस अवसर पर मुरलीश्याम, जैनेंद्र राव, अनिल सिंह , ग्राम प्रधान प्रदीप जयसवाल, अरविंद मिश्रा, मुनिराज यादव, श्याम नारायण उपाध्याय, नंदू शुक्ला रहे।