सकलडीहा। कस्बा सहित आसपास के दर्जनों गांवों में पेयजल की किल्लत से परेशान लोग सोमवार को उपजिलाधिकारी आशीष कुमार से मिले। उन्होंने पत्रक सौंप एसडीएम से समस्या का समाधान किए जाने की गुहार लगाई। साथ ही समस्या के लिए जनप्रतिनिधियों, सांसद और विधायक को जिम्मेदार ठहराया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों में पेयजल आपूर्ति के लिये जल निगम की एक मात्र टंकी स्थापित की गई है। इस टंकी से कस्बा सहित आसपास के गांवों के लगभग 50 हजार से अधिक लोगों को पेयजल की सप्लाई होती है। इसके अलावा दर्जनों शिक्षण संस्थान, राष्ट्रीयकृत बैंकों और तहसील के कर्मचारियों के आवासों पर भी इसी टंकी से पानी सप्लाई की जाती है। बीते दिनों ट्यूबवेल का पंप जल जाने से एक सप्ताह तक पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। कहा कि सांसद और स्थानीय विधायक के आश्वासन के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया है। सभी ने केवल आश्वासन देकर ग्रामीणों को बरगलाया है। ग्रामीणों को एसडीएम ने समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन देकर शांत किया। इस मौके पर विजय जायसवाल, बंटी जायवाल, रेनू जायसवाल, अशोक मोदनवाल आदि मौजूद रहे।