चंदौली। प्रदेश सरकार द्वारा विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर सरकारी अवकाश समाप्त करने से विश्वकर्मा समाज के लोगों में गहरी नाराजगी है। रविवार को ऑल इंडिया यूनाईटेड विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के सदस्यों ने मुख्यालय पर काले गुब्बारे उड़ाकर विरोध जताया। मुख्यालय पर बैठक के दौरान आरोप लगाया कि भाजपा के शासनकाल में पिछड़ी जातियों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। साथ पूर्व की सरकारों द्वारा विश्वकर्मा पूजा पर सरकारी अवकाश की घोषणा रद्द करने से समाज के लोग भाजपा के नीतियों के खिलाफ लामबंद होंगे।
बैठक में संगठन के जिलाध्यक्ष श्रीकांत विश्वकर्मा ने कहा कि सरकार ने विश्वकर्मा पूजा पर सरकारी अवकाश को रद्द करके करोड़ों लोगों की आस्था को चोट पहुंचाने का कार्य किया है। साथ ही विश्वकर्मा समाज के सामाजिक पहचान को मिटाने का राजनीतिक साजिश किया जा रहा है। चेताया कि इसका जवाब लोकसभा चुनाव में दिया जाएगा। इसके लिए जल्द ही बैठक कर समाज के लोगों को लामबंद किया जाएगा। संगठन के महासचिव नीरज विश्वकर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार में महंगाई अपने चरम पर है और सत्ता में बैठे लोग आए दिन तुगलकी फरमान जारी कर रहे हैं। विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर सरकारी अवकाश को रद्द करने का खामियाजा सरकार को अगले लोकसभा चुनाव में भुगतना पड़ सकता है। इस दौरान प्रेम, ओमप्रकाश, अनामी, अवधेश, रोशन, दीपक, प्रदीप, विजय, अविनाश, परमेश्वर, धर्मेंद्र, राजेश, संजय, राजेश उपस्थित रहे।