पीडीडीयू नगर। मुगलसराय स्टेशन का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन किए जाने पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को जमकर बवाल काटा। आक्रोशित कार्यकर्ता पूर्व सांसद रामकिशुन के नेतृत्व में सड़क पर उतर आए और कई बार चक्का जाम कर दिया। कार्यकर्ताओं को रोके जाने पर वे उग्र हो गए और स्टेशन का नाम बदलने की मांग पर अड़े थे। इस दौरान पुलिस से जमकर नोंकझोंक और हाथापाई हो गई। इससे गुस्साई पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया जिसमें आधा दर्जन से अधिक कार्यकर्ता जख्मी हो गए और कईयों को चोटें आई हैं। पुलिस ने किसी तरह लाठीचार्ज के बाद आंसू गैस के गोले छोड़कर कार्यकर्ताओं को तितर-बितर किया।
दरअसल समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सपा कार्यालय पर पूर्व सांसद रामकिशुन, सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र की जयंती में शामिल थे। जयंती मनाने के बाद रेलवे के बाकले मैदान पर जैसे ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य मंच पर पहुंचे कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय के समक्ष सड़क जाम कर नारेबाजी करने लगे। सपा कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन का नाम बदलने को लेकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
इसकी सूचना मिलते ही सीओ प्रदीप सिंह चंदेल भारी संख्या में पुलिसकर्मियों व पीएसी के जवानों के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने पहले तो कार्यकर्ताओं को समझाकर हटाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। इस पर कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए लाठी चार्ज कर दिया। पुलिस की लाठी से वार्ड संख्या छह के सभासद अशोक यादव, अलीनगर निवासी राधेश्याम शर्मा, ओमकार गोंड, अभय यादव, वीरेंद्र यादव व भोनू यादव घायल हो गए। खून से लथपथ सभी कार्यकर्ताओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे कार्यकर्ता और नाराज हो गए और पूर्व सांसद, विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के नेतृत्व में जीटीआर ब्रिज पर फिर जाम लगा दिया। वहां भी पुलिस से हाथापाई हो गई। वहां से सपाईयों ने पार्टी कार्यालय पर सभा की। पूर्व सांसद ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि भाजपा के शासनकाल में लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। सरकार के खिलाफ मुंह खोलने पर दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। सभी मोर्चे पर फेल सरकार अब गुंडई के बल पर फिर से सत्ता हासिल करने का प्रयास कर रही है पर सपा कार्यकर्ता ऐसा नहीं होने देंगे। इस दौरान पुलिस सभा समाप्त करने के लिए दबाव बनाने लगी लेकिन सभा जारी रही। इस बीच पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर सभा को जबरन समाप्त कराया। इस दौरान पूर्व विधायक पूनम सोनकर, पूर्व ब्लाक प्रमुख बाबू लाल यादव, नफीस अहमद गुड्डू, पूर्व चेयरमैन राजकुमार जायसवाल, चकरू यादव, अंजनी सिंह, सत्यनारायण राजभर, सुषमा यादव, स्वदेशी गुप्ता, यादवेश यादव, महेंद्र प्रताप, अजय, राजाराम सोनकर मौजूद रहे।