चंदौली। धानापुर क्षेत्र के नगवां पीपा को शनिवार की मध्य रात्रि से आवागमन के लिए बंद कर दिया गया। पुल को खोलकर हटाने का कार्य भी शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता मिथिलेश कुमार ने बताया कि मानसून के पूर्व पुल को हटाने का शासन से निर्देश मिला है। नदी पार करने के लिए विभाग की ओर से नाव व्यवस्था की जाएगी।
धानापुर के नगवां और गाजीपुर के चोचकपुर के बीच गंगा नदी पर पीपा पुल बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चंदौली में एक सभा के दौरान घोषणा किया था। जिसके बाद लोक निर्माण विभाग ने बलुआ में पक्का पुल बनने के बाद वहां का पीपा पुल नगवां में स्थापित किया था। 14 जनवरी को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और स्थानीय सांसद डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने एक समारोह पूर्वक कार्यक्रम के बाद पुल का उद्घाटन किया था। नगवां में पीपा पुल बनने के बाद चंदौली और गाजीपुर जनपद के बीच व्यापार सहित आवागमन आसान हो गया। वहीं धानापुर क्षेत्र में सब्जी की खेती करने वाले किसान आसानी से अपने उत्पाद को गाजीपुर मंडी में लेकर जाने लगे। अब बरसात को देखते हुए लोक निर्माण विभाग पीपा पुल को हटा रहा है। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के एक्सईएन मिथिलेश कुमार ने बताया कि शनिवार की रात से पीपा को आवागमन के लिए बंद कर दिया जाएगा और पुल को खोलकर हटाने का कार्य भी शुरू हो जाएगा। बताया कि लोगों को नदी पार करने के लिए नाव का संचालन कराने की व्यवस्था की जाएगी।