चंदौली। जिले को खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया है। जिन्हें जिला कृषि विज्ञान केंद्र में सोमवार को आयोजित कार्यशाला में शौचालय के निर्माण और गुणवत्ता के बारे में प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने अधिकारियों से कहा कि पूरे जिले में तीन लाख 70 हजार शौचालय बनाये जाने हैं। उन्होंने कहा कि शौचालय के मिलने वाला धन सीधे लाभार्थी के खाते में भेजा जाएगा।
जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल सोमवार को कलेक्ट्रेट में विभागीय समीक्षा बैठक कर रहे थे। जिलाधिकारी ने लाभार्थी की सूची एक सप्ताह के अंदर संबंधित सचिवों से प्राप्त करने को अधिकारियों से कहा । ताकि योजना का लाभ पात्र व्यक्ति को दिया जा सके। उन्होंने कहा कि जो लोग शौचालय बनवाने में समर्थ हैं उन्हें इसके निर्माण के लिए प्रेरित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शौचालय का पैसा लाभार्थी के खाते में भेजा जाएगा। उन्होंने नोडल प्रभारियों को प्रति दिन शौचालय के निर्माण की प्रगति का आकलन करने का निर्देश दिया। उन्होंने सितंबर माह तक हर हाल में जिले को खुले में शौच मुक्त करने के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए है। इस दौरान सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी पद्मकांत शुुक्ल, बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।