मुगलसराय । नियामताबाद ब्लाक प्रमुख के खिलाफ मंगलवार को ब्लाक परिसर में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के बाद बीडीसी सदस्य मतदान करेंगे। इस दौरान किसी भी प्रकार का विवाद न हो इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक व एडीएम ने एसडीएम एवं ब्लाक अधिकारियों के साथ मुगलसराय कोतवाल, बबुरी एवं अलीनगर थानाध्यक्ष ब्लाक परिसर में मीटिंग कर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही चकिया तिराहे से लेकर पंचफेड़वा मोड़ तक को नो वेपन जोन घोषित किया ।
बता दें कि नियामताबाद ब्लाक प्रमुख महेन्द्र पासवान के खिलाफ पिछले माह बीडीसी सदस्यों ने जिलाधिकारी के समक्ष परेड की थी । लेकिन निकाय चुनाव के मद्देनजर अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा एवं मतदान के लिए तिथि को टाल दिया था । निकाय चुनाव के बाद अविश्वास की प्रक्रिया को पूूर्ण कराने के लिए जिलाधिकारी की ओर से 06 दिसंबर तिथि निर्धारित की गई है । इस दौरान किसी भी प्रकार की कोई घटना या फिर कोई विवाद न हो इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह व एडीएम बच्चालाल ने एसडीएम विकास सिंह, बीडीओ एवं कोतवाल एसपी सिंह, बबुरी थाना प्रभारी अजय अवस्थी एवं थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल नारायण सिंह के साथ ब्लाक परिसर में मीटिंग की। इस दौरान उन्होंने सभी थाना एवं कोतवाली प्रभारी को उनके क्षेत्र में रहने वाले क्षेत्र पंचायत सदस्यों की सूची सौंपी साथ ही निर्देशित किया कि उनको किसी भी प्रकार को कोई समस्या नहीं आनी चाहिए । कहा कि यदि कोई सदस्य किसी भी प्रकार के दबाव की शिकायत करता है तो उस पर फौरन कार्यवाही करें । पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चकिया तिराहे और पचफेड़वा मोड़ के समीप बैरीकेटिंग लगाई जाएगी । बताया कि कोई भी व्यक्ति ब्लाक के इर्द गिर्द यदि शस्त्र लेकर आया तो उसे जब्त कर लिया जाएगा । वहीं बीडीसी सदस्यों की पहचान के लिए भी पुख्ता इंतेजाम किए गए हैं । बताया कि ब्लाक गेट पर बीडीसी सदस्यों का प्रमाण देखने के बाद ही उन्हें भीतर प्रवेद दिया जाएगा ।