चंदौली। एसटीएफ और बबुरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को एक चाकलेट लदे कंटेनर में छीपाकर रखे 5.20 कुंतल गांजा बरामद किया। इस दौरान दो तस्करों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आरोपी गांजा की खेप को आंध्र प्रदेश से भदोही ले जा रहे थे। बरामद गांजा की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है। मंगलवार को एएसपी दयाराम सरोज ने गिरफ्तारी और बरामदगी की जानकारी दी।
एएसपी ने बताया कि सूचना मिली कि तस्कर गांजा की खेप लेकर भदोही जाने की फिराक में हैं। कंटेनर में टाफी व चाकलेट के बीच छिपाकर गांजा रखा गया है। इस पर बबुरी थाने की पुलिस और एसटीएफ की टीम ने लेवा तिराहे के समीप घेरेबंदी कर ली। थोड़ी देर बाद एक कंटेनर आता दिखा। इसे रोककर तलाशी ली गई तो टाफी-चाकलेट के पैकेटों के बीच में बोरी में छिपाकर रखा पांच क्विंटल 20 किलो 260 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इस पर कंटेनर में सवार मुरादाबाद जनपद के कटहार थाना के करोला नगर निवासी मो. मुनाजिर व मनाठेर थाना के महमूदपुर माफी गांव के रहने वाले इमरान को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने जौनपुर के साई विहार कालोनी निवासी लियाकत अली, हरिवंश यादव, दीपक सिंह व अनुज सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पकड़े गये लोगों ने चारों आरोपितों के मोबाइल नंबर भी पुलिस को बताया, जिन पर बात कर तस्करी की डील होती है। पुलिस को पूछताछ में बताया कि आंध्र प्रदेश से गांजा की खेप लेकर उड़ीसा, झारखंड और बिहार होते हुए चंदौली के रास्ते भदोही जाना था। पुलिस से बचने के लिए हाईवे की बजाए लेवा-इलिया रोड को चुना था। एएसपी ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। तस्करों की ओर से बताए गए आरोपितों की धर-पकड़ का भी प्रयास किया जाएगा। ताकि मादक पदार्थों की तस्करी के रैकेट को तोड़ा जा सके। पुलिस टीम में एसओ सत्येंद्र विक्रम सिंह, एसटीएफ लखनऊ के उपनिरीक्षक सत्येंद्र विक्रम सिंह, नीरज पांडेय, अनिल चंदेल, शैलेंद्र प्रताप सिंह, प्रमोद सिंह, प्रदीप सिंह, बृजेश सिंह, आशीष, राहुल खरवार, गौरव राय व अंकित सिंह शामिल रहे।
रिपोर्ट रविकांत सिंह