नियामताबाद। अलीनगर थाने की पुलिस ने रविवार की भोर में चेकिंग के दौरान नेशनल हाइवे स्थित सिंघीताली गांव के समीप एक बोलेरो से करीब पौने दो लाख रुपए मूल्य की विभिन्न कंपनियों की 45 पेटी देशी शराब बरामद की। साथ ही एक तस्कर को भी धर दबोचा। पुलिस पकड़े गए तस्कर के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर अगली कार्रवाई में जुट गई है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह एसआई राजेश सिंह, प्रवीणचंद्र सिंह, हरिशंकर पांडेय व सुमित कुमार सिंह के साथ सिंघीताली नेशनल हाइवे के पास वाहनों की जांच पड़ताल कर रहे थे। इस दौरान चंदौली की ओर जा रहे एक बोलेरो को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। इस पर चालक वाहन को लेकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने नाकेबंदी कर बोलेरो को पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन की जांच की तो उसमें कई कंपनियों की 45 पेटी देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने वाहन चला रहे तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पकड़े गए तस्कर ने बताया कि वह फर्जी कागजात के सहारे वाहन स्वामी के कहने पर शराब की तस्करी करता है। अन्य प्रदेशों से शराब लाकर वह बिहार में शराब को ऊंचे दाम पर बेच देता है। बताया कि इससे पूर्व भी वह दो बार शराब की तस्करी कर चुका है। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया तस्कर चंदौली कोतवाली क्षेत्र के धुरीकोट गांव का निवासी शशिकांत सिंह उर्फ सिंटू है। उसके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर अगली कार्रवाई की जा रही है। वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद शराब की कीमत करीब पौने दो लाख रुपए है। शराब की तस्करी करने वालों के खिलाफ जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।