पीडीडीयू नगर। रेलवे में ट्रेड यूनियनों की मान्यता के लिए तीन दिवसीय मतदान बुधवार को शुरू हुआ। पहले दिन पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल में 43.68 प्रतिशत रेलकर्मियों ने वोट डाले। वहीं, प्लांट डिपो में 44.47 प्रतिशत मतदान हुआ।
मान्यता के चुनाव में छह यूनियन भाग्य आजमा रही हैं। चुनाव की घोषणा के बाद से ही यूनियन के नेता चुनाव-प्रचार में जुटे थे। बुधवार से पीडीडीयू के 19 और प्लांट डिपो के दो बूथों पर मतदान शुरू हुआ। पहले दिन पीडीडीयू मंडल के 19 बूथों पर कुल 13 हजार 972 मतदाताओं में शाम छह बजे तक 6103 रेलकर्मियों ने मताधिकार का प्रयोग किया। यह कुल मतों का 43.68 प्रतिशत है।
इसी तरह प्लांट डिपो में 1270 मतदाताओं में से कुल 564 रेलकर्मियों ने मतदान किया। यह 44.47 प्रतिशत रहा। बृहस्पतिवार को भी रेलकर्मी मतदान करेंगे। वहीं, छह दिसंबर को रनिंग स्टाफ वोट डालेंगे। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त जेथिन बी राज, पीडीडीयू पोस्ट आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत, जीआरपी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा का जायजा लिया।
12 दिसंबर को रेलवे इंटर कॉलेज में मतगणना कराई जाएगी। परिणाम जारी होने के बाद तय होगा कि मंडल में कौन यूनियन रेलकर्मियों का प्रतिनिधित्व करेगी। वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी सुरजीत सिंह ने बताया कि पहले दिन शांतिपूर्वक मतदान हुआ है।