पीडीडीयू नगर। बिजली विभाग ने बिना किसी पूर्व सूचना के शनिवार को नगर के लगभग आधे हिस्से की बिजली 10 घंटे काट दी। इससे उपभोक्ताओं को दोपहर के 12 से रात 10 बजे तक बिजली नहीं मिली और उमसभरी गर्मी में लोगों को काफी परेशानी हुई । इससे करीब 15 हजार की आबादी प्रभावित रही। बिजली विभाग पुराने जर्जर तारों के स्थान पर नये एबीसी तारों को बदलने के लिए कटौती की थी। बिना किसी सूचना के बिजली कटौती किए जाने से लोगों में नाराजगी थी।
पिछले कुछ माह से बिजली विभाग द्वारा नगर के विभिन्न स्थानों पर खुले तारों के स्थान पर एसीबी तार लगाए जा रहे हैं। तारों को बदलने के लिए पूरे दिन लाइट काट दी जा रही है। विभाग की मानें तो मुहर्रम पर्व के पूर्व सभी जर्जर तारों के स्थान पर एबीसी तार लगा दिए जाने चाहिए थे पर ऐसा हो नहीं पाया। बिजली काट दिए जाने से कैलाशपुरी, रविनगर, पटेलनगर आदि मोहल्लों में लोग परेशान हो उठे। पहले तो किसी की समझ में नहीं आया कि लाइट आ क्यों नहीं रही पर बाद में उन्हें पता चला कि तारों को बदलने के लिए लाइट काटी गई है।
शासन की ओर से दुर्गापूजा पर्व के पूर्व सभी जर्जर तारों के स्थान पर एबीसी तार लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत नगर में बचे जर्जर तारों को बदलने का कार्य किया जा रहा है। शनिवार को अचानक कार्य की योजना बन जाने से इस बार पूर्व में सूचना प्रसारित नहीं की जा सकी।
प्रवीण सिंह, अधिशासी अभियंता, विद्युत विभाग।