नौगढ़। सीआरपीएफ 148 बटालियन की डी कंपनी की ओर से मंगलवार को स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत राजकीय इंटर कॉलेज से रैली निकाली गई। रैली को तहसीलदार आनंद कुमार कनौजिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कस्बा होते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ,ब्लॉक कार्यालय, जय मोहनी रेंज, बाघी गांव की मुसहर और दलित बस्तियों से होते हुए वापस वहीं पहुंचकर समाप्त हुई।
बटालियन के इंस्पेक्टर बीके सिंह ने कहा कि जन जागरूकता के अभाव में लोग स्वच्छता पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस कारण वे विभिन्न बीमारियों से जूझ रहे हैं। कहा कि गांवों को साफ-सुथरा रखना अति आवश्यक है। इसके लिए ग्रामीणों का सहयोग जरूरी है। रैली में प्रधानाचार्य कमलेश सिंह, थानाध्यक्ष तेज बहादुर सिंह, शिक्षक अभिभावक संघ के अध्यक्ष अनिल चौरसिया मौजूद रहे।
टांडाकला संवाददाता के अनुसार। क्षेत्र के रामगढ़ गांव के वार्ड नंबर 11 में मंगलवार को सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव की सड़कों व गलियों में झाड़ू लगाकर साफ- सफाई की।
बताया जाता है कि गांव में पंचायत विभाग की ओर से दो कर्मी सफाई के लिए नियुक्त किए गए हैं। बावजूद इसके सफाईकर्मियों की लापरवाही से गांव में गंदगी का साम्राज्य कायम है। सड़कों पर व गलियों में कूड़ा फैला देख वार्डवासी मो. रफीक व मुकेश निषाद के नेतृत्व में प्रभुनाथ पांडेय, मोनू खरवार, सारनाथ मौर्य, रजनीश खरवार, इदरीस अली, सोनी खरवार, अंजू देवी ने सफाई की।