पीडीडीयू नगर। जिले के डीपीआरओ कार्यालय में जांच के दौरान शौचालय निर्माण के लिए आने वाले धन में तीन अरब रुपये की गड़बड़ी पाए जाने के मामले में गुरुवार को बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद डा. महेन्द्र नाथ पांडेय के तेवर सख्त थे। सकलडीहा में इग्नू सेंटर का उद्घाटन करने से पहले नगर के रेलवे विश्रामलय में मीडिया से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन एक जन आंदोलन है, इसलिए जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले के अधिकारियों को दंडित किया जाएगा और जेल भेजा जाएगा।
पिछले दिनों सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव ने जिला पंचायती राज कार्यालय में औचक निरीक्षण किया था। उस दौरान दस्तावेजों की जांच के दौरान ग्रांट रजिस्टर में अप्रैल 2015 से एक भी इंट्री नहीं की गई थी। शौचालय की के लिए आने वाले ग्रांट का जिक्र नहीं किए जाने के बाद जांच का दायरा आगे बढ़ा तो यह मामला तीन अरब रुपयों की गड़बड़ी तक पहुंच गया। इस प्रकरण में रिपोर्ट के बाद जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट देने के लिए निर्देशित किया है। वहीं शासन को भी पूरे प्रकरण से अवगत करा दिया। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के संसदीय क्षेत्र में इतनी बड़ी वित्तीय गड़बड़ी मिलने की बात पर गुरुवार को सांसद डा. महेन्द्र नाथ पांडेय ने भी नाराजगी जताई।
पीडीडीयू नगर (ब्यूरो)। सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र पांडेय का स्थानीय भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जीटी रोड स्थित काली मंदिर के पास फूल- मालाओं से स्वागत किया। युवा मोर्चा के सदस्यों का नेतृत्व जितेंद्र पांडेय ने किया। इस मौके पर रंजीत कुमार, सौरभ चंद्रा,सुधीर चौहान, आशीष रघुवंशी, गोविंद केसरी, ऋषि चौहान, अशोक, तिलक, आकाश तिवारी आदि उपस्थित रहे।