सकलडीहा । रिंग रोड के निर्माण में 28 गांवों के किसानों की भूमि अधिग्रहित की जा रही है। इसे लेकर परेशान किसानों ने बुधवार को सर्किल रेट से जमीन का मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर किसान संघर्ष समिति के सदस्यों संग एसडीएम से मुलाकात की।
कहा कि मांगों को जिला प्रशासन द्वारा गंभीरता से नही लिया गया तो किसान धरना प्रदर्शन करने को विवश होंगे। ताराजीवनपुर, सैदपुर सहित 28 गांवों से होकर रिंग रोड का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिये किसानों को प्रति हेक्टयर 42 लाख रूपया सर्किल रेट तय किया गया है। इसके बाद भी सर्किल रेट से कम मुआवजा दिया जा रहा है। किसान संघर्ष समिति के संयोजक केदार यादव ने एसडीएम से मुलाकात कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। चेताया कि मांगों को गंभीरता से नही लिया तो किसान उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। एसडीएम आशीष कुमार ने बताया कि डीएम से मिलकर किसानों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।