चकिया। नगर में आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने नगर के ठेला, पटरी व्यवसायियों पर कसे जा रहे शिकंजे से नाराज ठेला, पटरी व्यवसायियों ने सोमवार को क्षेत्रीय विधायक शारदा प्रसाद से मुलाकात कर उनसे राहत दिलाने की गुहार लगाई। इस पर विधायक ने उन्हें दूसरी जगह समायोजित करने का आश्वासन दिया।
नगर के गांधी पार्क से लेकर शमशेरब्रिज, डॉ. वीपी सिंह मोड़ तक आए दिन लगने वाले जाम तथा जाम के चलते नगर के अन्य हिस्सों के भी प्रभावित होने से प्रशासन ने ठेला, पटरी व्यवसायियों को जिम्मेदार बताते हुए उन्हें हटाने का अभियान चला रखा है। जिससे उनका कारोबार प्रभावित हो रहा हे इससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इससे उनमें प्रशासन के खिलाफ नाराजगी है।
सोमवार को रोजगार बंद होने से परेशान ठेला, खोमचा तथा पटरी सब्जियों की दुकान लगाने वाले व्यवसायियों ने विधायक शारदा प्रसाद से गुहार लगाते हुए राहत दिलाने की मांग की। इस पर विधायक ने उपजिलाधिकारी तथा कोतवाल से बात कर व्यवसायियों के लिए नगर में ही दूसरा स्थान आवंटित कराने का आश्वासन दिया। विधायक से गुहार लगाने वालों में सोनू कसौधन, बंगाली मद्धेशिया, भरत मौर्या, विजय सोनकर, प्रकाश सोनकर, अर्जुन सोनकर, अजय शर्मा, पप्पू खान, बुल्ली गोड़, रामजी चैरसिया, विष्णु मद्धेशिया, अशोक सोनकर, बेचन सोनकर मौजूद रहे।