मुगलसराय। कर्नाटक में राज्यपाल द्वारा कांग्रेस- जेडी एस गठबंधन को सरकार बनाने का न्यौता नहीं दिए जाने पर गुुरुवार को कांग्रेसजनों ने नगर के काली महाल में अमितशाह का पुतला फूंका। इसके पूर्व कांग्रेसियों ने ओड़वार स्थित डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष मुंह पर पट्टी बांधकर धरना दिया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि कुर्सी के खातिर भाजपा किसी भी स्तर पर आने को तैयार है, इसके लिए भले ही संविधान की धज्जियां उड़ानी हो या फिर लोकतंत्र की हत्या ही क्यों न करनी पड़े। कहा कि कर्नाटक में जनादेश को दबाकर अल्पमत में भाजपा को राज्यपाल द्वारा न्यौता देकर सरकार बनवाना तानाशाही रवैया है। इसे सीधे तौर पर जनता के जनादेश व अधिकारों का हनन करना है। कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणाम में अल्पमत में रही भाजपा को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करना गलत है। कहा कि देश की सरकार की तानाशाही से हर कोई कराह रहा है। वहीं देश के धर्म निष्पक्षता के ताने बाने के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए बताया कि राजनीति फायदे के लिए भाजपा किसी भी स्तर पर जाने को तैयार है। कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार और घोटालों के आरोप में फंसे वीएस येदुरप्पा को मुख्यमंत्री बनवाना चाहती है। इस दौरान रामजी गुप्ता, डा. नंदलाल गुप्ता, शाहिद तौसीफ, विजय कुमार, राजू चौहान प्रमोद मौर्या आदि मौजूद रहे।