इलिया। क्षेत्र के मालदह गांव में पानी निकासी के लिए नाली नहीं होने से लोगों के घरों से निकलने वाला सीवर मुख्य मार्ग पर बह रहा है। जिससे लोगों को आवागमन करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को उठानी पड़ रही है। सड़क से पानी स्कूल के सामने तक लग गया है। खड़ंजे भी उखड़ गया है।
जिले के आखिरी छोर पर बसे मालदह गांव के ग्रामीणों को नाली नहीं होने से दिक्कत है। स्कूली बच्चे भी परेशान हो रहे है। वहीं गांव की गलियों का खड़ंजा उखड़ गया है और मार्ग नाले के रुप में परिवर्तित हो गया है। गांव के विकास के लिए तमाम पंचवर्षीय योजनाएं लागू होने के बाद भी इस गांव में अभी तक सीसी रोड तथा नाली का निर्माण नहीं हुआ। जिससे गांव की गलिया आज भी उपेक्षा की शिकार हैं। लेकिन विद्यालय के ठीक सामने मुख्य मार्ग पर पानी एकत्र होने से बच्चे विद्यालय जाने में कतराने लगे है। गांव के रामलाल चौबे, धनुषधारी, हीरालाल चौबे, अंगद पाल, प्रवीण ने चेताया है कि शीघ्र समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो ग्रामीण सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
02. बांस की कोठी में लगी आग
इलिया (ब्यूरो)। क्षेत्र के बनरसिया गांव में शुक्रवार की शाम अज्ञात कारणों से बांस की कोठी में आग लग गई। तेज लपटों को देख पास में खेल रहे बच्चों ने शोरगुल मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।