मुगलसराय। कोटेदार की मनमानी से आक्रोशित धीना थाना क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने सोमवार को चंदौली स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि उनके गांव का कोटेदार राशन वितरण में भारी अनियमितता बरतता हैं। ग्रामीणों ने सरकारी दुकान को निरस्त करने और कोटेदार के खिलाफ जांच कराने के लिए उपजिलाधिकारी जेएल सरोज को पत्रक सौपा।
धीना थाना क्षेत्र के माधोपुर में सरकारी कोटे की दुकानदार के खिलाफ पिछले काफी समय से अनियमितता की शिकायत मिलती रही हैं। जबकि एक वर्ष पूर्व में त्कालीन उपजिलाधिकारी सकलडीहा जितेंद्र कुशवाहा ने माधोपुर के कोटे की दुकान मेें भारी अनियमितता मिलने पर दुकान को निरस्त कर दिया था। किन्तु विभागीय मिली भगत के चलते उक्त दुकान को दो माह बाद फिर बहाल कर दिया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कोटेदार रामजी सिंह राशन वितरण के दौरान लोगों के दुर्व्यवहार करता हैं और राशन देने के बजाय उन्हे दुकान से भगा देता हैं। इससे आक्रोशित माधोपुर के सैकड़ो ग्रामीणों ने सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित डीएम कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने दुकान को निरस्त करने और कोटेदार के खिलाफ जांच करने के लिए उपजिलाधिकारी जेएल सरोज को ज्ञापन सौपा। इस दौरान राजीव सिंह, रामदयाल राम, कमलावती, सूर्यबाला, सिंपल प्रजापति, मराछी, माया, सोनम, बिंदू, उर्मिला आदि मौजूद रहे।