पीडीडीयू नगर। सूर्य उपासना के पर्व छठ की तैयारियां शुरू हो गई है। शनिवार को बाजार में फलों की दुकानें सज गई। छठ पूजा को देखते हुए फलों की रंगत भी थोड़ी लाल रही। छठ पर्व के लिए नगर की मंडी में केला, अमरूद, अनानास, गन्ना, आदि फलों से लदे 40 ट्रक पहुंचे। दुकानदारों ने भी छठ को देखते हुए दुकानाें को भव्य तरीके से सजाया हुआ था। फलों के आवक के बाद भी अमरूद 100 रुपये किलो बिका।
फल सब्जी व्यवसायी एसोसिएशन के अध्यक्ष नारायण सोनकर ने बताया कि शनिवार को विभिन्न फलों को लेकर 40 ट्रक मंडी पहुंचे। इसमें छोटी और बड़ी गाड़ियां को मिलाकर 13 गाड़ी केला मंडी में उतरा। इसके अलावा, 02 गाड़ी नारियल, 03 गाड़ी अनानास, 15 गाड़ी सेब, 10 गाड़ी मुसम्मी आदि फल शामिल रहे। इसके अलावा बाजार में सिंघाड़ा भी बड़ी मात्रा में आया है। वहीं दूसरी तरफ त्योहार को देखते हुए फलों के दाम भी बढ़े रहे। सेब 100 से 130 रुपये प्रति किलो, नाशपाती 100 प्रति किलो, अनार 160 रुपये प्रति किलो, संतरा 100 रुपये प्रति किलो, केला 50 रुपये प्रति दर्जन, नारियल 50 रुपये प्रति पीस, बड़ी मुसम्मी (घाघर) 50 रुपये प्रति पीस, सिंघाड़ा 120 रुपये प्रति किलो, अमरूद 100 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बाजार में बिका।
इलिया। छठ पर्व को लेकर इलिया कस्बे में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। कस्बे के बाजारों में फल, फूल, नारियल, सुपारी, ईख, दीपक और पूजा सामग्री की दुकानें पूरी तरह सज चुकी हैं। खरीदारी के लिए सुबह से ही महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह स्वयं बाजार क्षेत्र और सरोवर घाटों का लगातार चक्रमण करते रहे। संवाद