बबुरी । शराब तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत बबुरी पुलिस ने रविवार की रात लगभग सवा दस बजे लेवा तिराहे के पास से एक कार से दो लाख रुपये मूल्य की 369 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। इस दौरान पुलिस ने तस्करी के आरोप में कार चालक को धर दबोचा। इसके बाद पुलिस कार और शराब समेत तस्करी के आरोपी को थाने ले आई। जहां आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने सोमवार को उसे जेल भेज दिया।
रविवार की रात थाना प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ लेवा मोड़ के समीप वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस बीच उन्हें एक कार आती दिखाई दी। शक होने पर पुलिस ने उसे रोक लिया। इसके बाद शराब की तलाशी ली गई तो उसमें काफी मात्रा में शराब बोतले रखी मिली। इसके बाद पुलिस कार चालक समेत कार व शराब को थाने लाये। इस दौरान कार से 369 बोतल अंगेजी शराब की बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि बरामद शराब हरियाणा की थी। पकड़े गए तस्कर की पहचान हरियाणा प्रांत के हिसार जिला अंतर्गत थाना सदर हासी के पुट्टी मंगल गांव निवासी विकास कुमार के रूप में हुई। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे सोमवार को जेल भेज दिया गया। इस संबंध में सीओ चकिया प्रीति तिवारी ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को सफलता मिली है। बताया कि तस्करी के आरोप में पकड़ गए आरोपी से मिली जानकारी के आधार अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।