नियामताबाद। निषाद समाज की ओर से स्थानीय विकास खंड के ताहिरपुर मिल्कीपुर गांव में रविवार की रात आयोजित समारोह में राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद को सम्मानित किया गया। इस मौके पर जयप्रकाश निषाद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार निषादी समाज के विकास के लिए लगातार काम रही है।
मुख्य अतिथि के रूप में आए सांसद जयप्रकाश निषाद ने कहा कि इस समाज के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिनका लाभ लोगों को मिल भी रहा है। कहा कि पहली बार राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन भाजपा सरकार ने किया है। इसका अध्यक्ष निषाद समाज से ही बनाया गया है। आयोग निषाद समाज की उन्नति की समीक्षा कर रहा है। आयोग के गठन के बाद इस समाज के लोगों की भागीदारी भी अन्य क्षेत्रों में बढ़ी है। कहा कि सरकार सर्व समाज के लिए भी कई जन कल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रही है। लोगों को उनसे लाभ लेने की जरूरत है। इसके लिए लोगों को जागरूक किया जाना बहुत ही जरूरी है। ताकि वे योजनाओं का उचित लाभ प्राप्त कर सकें। इस मौके पर भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष गंगाराम साहनी, संजय साहनी, राजू साहनी, रामविलास साहनी, बबलू साहनी रहे।