पीडीडीयू नगर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के बारहवीं का परीक्षा परिणाम गुरुवार को घोषित हो गया। अचानक जारी हुए रिजल्ट से सभी चकित हो गए। जिले में इस बार सनबीम मुगलसराय के कला वर्ग के छात्र अमित यादव ने 98.8 फीसदी अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया है। जबकि एसजी पब्लिक स्कूल पीडीडीयू नगर की वाणिजय वर्ग की छात्रा विधि ने 98.2 प्रतिशत प्राप्तांक के साथ दूसरे स्थान पर रही।
इसी तरह सनबीम मुगलसराय की ही सबा परवीन-97.8 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रही। जबकि इसी विद्यालय की सागरिका और एसजीपब्लिक स्कूल के देवेश केशरी ने संयुक्त रूप से 97.4 फीसदी अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा दिखाई है। इस बार जिले में बारहवीं की परीक्षा में 2426 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। बोर्ड की परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होकर तीन अप्रैल तक संचालित हुई थी। जिले में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इसमें केंद्रीय विद्यालय पीडीडीयू नगर, एसजी पब्लिक स्कूल पीडीडीयू नगर, लक्ष्मी पब्लिक स्कूल पीडीडीयू नगर, सनबीम मुगलसराय और यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल बबुरी को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।
सीबीएसई बारहवीं की टापटेन की सूची
1-अमित यादव-98.8
सनबीम मुगलसराय
2-विधि शर्मा-98.2
एसजी पब्लिक स्कूल
3-सबा परवीन-97.8
सनबीम मुुगलसराय
4-सागरिका- 97.4
सनबीम मुगलसराय
4-देवेश केशरी- 97.4
एसजी पब्लिक स्कूल
5-हर्षिता पटेल-97.2
सनबीम मुगलसराय
5-नैना अग्रवाल-97.2
सनबीम मुगलसराय
6-अर्षिता कनोडिया- 96.4
सनबीम मुगलसराय
6-देवव्रत उपाध्याय-96.4
केवी पीडीडीयू नगर
7-मीनाक्षी-96.00
सनबीम मुुगलसराय
7-प्रेरणा-96.00
सनबीम मुुगलसराय
8-रेनू कुमारी- 95.6
एसजी पब्लिक स्कूल
9-अनन्या-95.4
सनबीम मुगलसराय
10-आशीष-95.00
सनबीम मुगलसराय
03-सिविल सर्विसेज और आईएएस बनना है सपना
जिले के होनहार अमित और विधि शर्मा बोले
इकलौती बेटी की सफलता पर फूले नहीं समा रहे मनीष
अमर उजाला ब्यूरो
पीडीडीयू नगर। सीबीएसई बारहवीं की परीक्षा में जिले के होनहारों ने खूब नाम रोशन किया है। मेधावियों का सपना आईएएस बनकर देश सेवा करना है। मूलत: गाजीपुर के दुल्लहपुर के रहने वाले राहुल कुमार साहूपुरी कालोनी में रहते हैं और लेढ़ूपुर स्थित बिजली उपकेंद्र में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं। माता रीता गृहणी हैं। राहुल के बेटे अमित ने सीबीएसई बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में 98.8 फीसदी अंक प्राप्त कर जिले में टाप किया है। अमित आईएएस बनना चाहते हैं। उन्होंने इसका श्रेय अपनी मम्मी-पापा और गुरुजनों को दिया हैं।
वहीं निवासी मनीष कुमार शर्मा और रंजीता शर्मा की बेटी विधि शर्मा 98.2 प्रतिशत अंक लेकर कामर्स वर्ग से जिले में दूसरे स्थान पर रही। मनीष कुमार शर्मा रामनगर में प्राइवेट नौकरी करते हैं तो मां रंजीता शर्मा गृहणी हैं। मूलत: राजस्थान के जयपुर जिले के निवासी मनीष और उनकी पत्नी रंजीता इकलौती की बेटी की सफलता पर फूले नहीं समा रहे हैं। विधि शर्मा ने बताया कि वह सिविल सर्विसेज में जाना चाहती है। वह घर पर रहकर छह घंटे पढ़ाई करती थी। डांसिंग, सिंगिंग और पेंटिंग उसके शौक हैं।