पीडीडीयू नगर। फाल्गुन माह आरंभ होने के बाद लोगों में होली का खुमार बढ़ने लगा है। अभी से ही लोग पर्व की तैयारियों में जुट गए हैं। बाजार में लोगों की भीड़ दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। सबसे ज्यादा भीड़ कपड़ों व कपड़ों की सिलाई करने वाले टेलर्स की दुकान पर हो रही है। इसके अलावा रंग, अबीर, गुलाल व मुखौटे आदि बेचने वालों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ देखी जा रही है। वहीं किशोर व युवा वर्ग होलिका सजाने में जुट गया है। इसके लिए लकड़ियों के इंतजाम में बच्चे व किशोर यहां से वहां दौड़-भाग कर रहे हैं।
रंगों के त्यौहार होली का अपना ही महत्व है। ऋतु परिवर्तन के साथ मनाए जाने वाले इस त्यौहार में बच्चों से लेकर बूढ़े तक मस्ती के आलम में सराबोर रहते हैं। पर्व पर नए कपड़ों की खूब खरीदारी की जाती है। इस समय रेडिमेड कपड़ों व सिलाई करने वाले टेलर्स की दुकानों पर भीड़ देखी जा रही है। टेलर मो.अजहर ने बताया कि पर्व पर कुर्ता व पजामा सिलाने के आर्डर सबसे ज्यादा आ रहे हैं। इसके अलावा पैंट शर्ट की सिलाई के लिए भी भीड़ आ रही है। नगर के कुछ स्थानों पर रंग, अबीर, गुलाल, गुब्बारे, मॉस्क आदि की दुकानें सज गई हैं। दुकानदारों ने बताया कि इस वर्ष अबीर 60 से 180 रुपये प्रति किलो, रंग पांच से 20 रुपये प्रति पैकेट, पिचकारी पांच से छह सौ रुपये व मॉस्क 10 से 100 रुपये तक बिक रहा है। बताया कि छह सौ रुपये वाली पिचकारी प्रेशरयुक्त है। इसमें एक बार में तीन लीटर रंग डाला जा सकता है। इसके अलावा इसकी रंग फेंकने की क्षमता लगभग पांच सौ मीटर है। वहीं होलिका दहन की तैयारी भी अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिले में लगभग छह सौ स्थानों पर होलिका सजाई गई है।