कंदवा। उपजिलाधिकारी सदर अभिषेक गोयल के निर्देश पर राजस्व विभाग ने गुरुवार को पुलिस की मौजूदगी में बरहनी विकास खंड के ओयरचक गांव में सार्वजनिक तालाब पर किया गया अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान कर्मचारियों ने ग्रामीणों द्वारा तालाब में डाली गई मिट्टी को जेसीबी मशीन से निकलवा दिया। राजस्व विभाग की कार्यवाही से कब्जा करने वालों में हडकंप मचा रहा।
गौरतलब है कि बीते दिनों थाना दिवस पर गांव के लोकनाथ उपाध्याय ने प्रार्थना पत्र देकर गांव के भवानी माता मंदिर के पास के सार्वजनिक तालाब पर कब्जा किए जाने का आरोप लगाया था। साथ ही कब्जे को हटाने की मांग की थी। प्रार्थना पत्र को संज्ञान मे लेते हुए एसडीएम सदर ने कब्जा हटाने का निर्देश दिया था। उनके निर्देश पर गुरुवार को राजस्व निरीक्षक शकील अहमद के नेतृत्व में पहुंचे राजस्व कर्मियों ने पुलिस की मौजूदगी में तालाब में भरी गई मिट्टी की जेसीबी से खुदाई कराकर हटवाया। इस दौरान पंचानन त्रिगुण, बाचा राम, दीप रंजन आदि राजस्व कर्मियों के साथ कंदवा प्रभारी निरीक्षक सीके पुरी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।