पीडीडीयू नगर। पालिका परिषद के बोर्ड की बैठक शुक्रवार को पालिका कार्यालय के सभागार में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से 14वें वित्त के दो करोड़ 32 लाख 27 हजार 878 व अवस्थापना निधि के 66 लाख 58 हजार 67 रुपये के प्रस्ताव पास किए गए। पास किए गए कार्यों में निर्माण, बिजली व पेयजल की योजनाएं शामिल हैं। वहीं कुछ प्रस्तावों को मामूली संशोधन के साथ पारित किया गया। इसमें चेयरमैन, अधिशासी अधिकारी, सभासद सहित पालिका परिषद के सभी विभागों के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए दुकानदारों, बड़े होटल व वैवाहिक लॉन चलाने वालों पर सख्ती की जाएगी। बड़े होटलों व वैवाहिक लॉन के आसपास गंदगी पाए जाने पर संचालकों से दो हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। वहीं छोटे दुकानदारों से सौ से पांच सौ व ठेला वालों से दो सौ रुपये का अर्थदंड लिया जाएगा।
पास किए गए प्रस्तावों में एक करोड़ 15 हजार के कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। अन्य के लिए भी टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। बोर्ड की बैठक शांतिपूर्ण ढंग से हुई। हालांकि कुछ सभासद कर व सफाई विभाग के कार्यों से असंतुष्ट दिखे। उन्होंने आरोप लगाया कि कर वसूली की प्रक्रिया में ढिलाई की जा रही है जिसका असर पालिका की आय पर पड़ रहा है। इस पर कर अधीक्षक ने सफाई देते हुए कुछ सुझाव दिए, जिन्हें सभी ने स्वीकार कर लिया। इसके अलावा सफाई निरीक्षक से भी सभासदों ने सफाई कर्मचारियों की संख्या व उनकी कार्यप्रणाली के संबंध में सवाल किए। सफाई निरीक्षक ने बताया कि वर्तमान में संविदा पर लगभग 120 कर्मचारी रखे गए हैं। इस पर कुछ सभासदों ने सवाल उठाया कि उनकी जानकारी में यह बात क्यों नहीं आई है। उन्होंने सफाई निरीक्षक से अपने वार्डों में भी इन सफाइकर्मियों को भेजने की मांग की, जिसे स्वीकार कर लिया गया। वहीं कुछ सभासदों ने मच्छरों की बढ़ती संख्या देख वार्डों में फागिंग मशीन से दवा का छिड़काव कराने की बात कही। बैठक में सभासद बृजेश गुप्ता, राजेश जायसवाल, निधि तिवारी, शुभम भारती, रवि सोनकर, माया देवी, जितेंद्र गुप्ता, नायाब अहमद रिंकू, मुर्शिदा बेगम, सुनील विश्वकर्मा, प्रियंका तिवारी, वकार जाहिद आदि उपस्थित थे।
इनसेट-
गंदगी फैलाने वालों पर लगेगा जुर्माना
इनसेट-
लगाए जाएंगे दो नए ट्रांसफार्मर
नगर में बिजली व्यवस्था ठीक करने के लिए दो नए ट्रांसफार्मर लगाने का निर्णय भी लिया गया। इसके तहत वार्ड 15, लॉट नंबर दो और वार्ड नंबर 11, मवई में नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। अधिशासी अधिकारी रोली गुप्ता ने बताया कि नए ट्रांसफार्मरों को लगाने के लिए हाइडिल से एनओसी ले ली गई है। वहीं बिजली व्यवस्था में और अधिक सुधार के लिए विभिन्न वार्डों में नए 120 पीसीसी व 60 एसटीपी पोल भी लगाए जाएंगे।
इनसेट-
पार्कों का किया जाएगा सुंदरीकरण
नगर के चार पार्कों के सुंदरीकरण के लिए बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित हुआ। ईओ ने बताया कि बच्चों के चार पार्कों के लिए शासन की एसएलटीसी की बैठक में एक करोड़ 65 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। धन अवमुक्त होते ही पार्कों के सुंदरीकरण का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
कोट-
नगर पालिका प्रशासन विकास के प्रति गंभीर है। इस वित्तीय वर्ष के अंत मार्च तक कई योजनाएं मूर्त रूप ले लेंगी। इसके अलावा नए कार्यों के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
संतोष खरवार
नगर पालिका अध्यक्ष