पीडीडीयू नगर। 91 यूपी बटालियन एनसीसी की ओर से सोमवार को स्वच्छता पखवाड़ा के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज के प्रांगण से आरंभ होकर नगर भ्रमण के पश्चात वापस वहीं पहुंचकर समाप्त हुई। यहां गोष्ठी का आयोजन भी हुआ।
वक्ताओं ने कहा कि सिर्फ शौचालय बनाने से देश स्वच्छ नहीं हो पाएगा। शौचालय, कूड़ेदान, कूड़े का निस्तारण आदि की सुविधा प्रदान करना सिर्फ माध्यम है। स्वच्छता एक आदत है जिसको नित्य के अनुभव में शामिल करना पड़ता है। ये स्वभाव में परिवर्तन का यज्ञ है। कहा कि गंदगी जीवन को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाते हुए शरीर को बीमारी के दलदल में धकेल देती है। डायरिया जैसी अनेक बीमारियों का सीधा संबंध गंदगी से है। स्वच्छता को पूरी तरह अपना लिए जाने के बाद इन बीमारियों पर काफी हद तक नियंत्रण किया जा सकता है। इस मौके पर मेजर अमरेंद्र सिंह, लेफ्टिनेंट अशोक त्रिपाठी, कामेश सिंह, आरडी सोनकर, सूबेदार मेजर दीपेंद्र आले, सूबेदार केसर सिंह, नित्यानंद सिंह, सुरेश एक्का, हवलदार राकेश पाल, ओमकार थापा, मान सिंह, सूर्यराम, शत्रुघ्न सिंह, एमपी सिंह, जेपी राय समेत उपस्थित थे।