नवनियुक्त शिक्षकों ने सोमवार को अभिलेखों के सत्यापन व वेतन आहरण की मांग को लेकर बीएसए कार्यालय पहुंच धरना प्रदर्शन किया। बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह के नहीं मिलने पर शिक्षकों ने कार्यालय में हंगामा किया और विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
शिक्षकों ने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही से नये शिक्षकों का वेतन लटका है। इसके लिए शीघ्र अभिलेखों का सत्यापन किया जाना चाहिए। कहा शिक्षकों के अभिलेखों का सत्यापन अपूर्ण होना वेतन आहरण में सबसे बड़ा रोड़ा है, जिसे दूर करने में बेसिक शिक्षा विभाग लापरवाही कर रहा है। शिक्षकों का कहना है कि अभिलेखों के सत्यापन के लिए कई बार विभाग अफसरों से मुलाकात की गई, लेकिन किसी ने भी ध्यान नहीं दिया।
शिक्षकों के अभिलेखों के सत्यापन के लिए चयन बोर्ड के सचिव की ओर से शासनादेश जारी किया गया है। बावजूद इसके महकमा दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। चेताया कि यदि शीघ्र अभिलेखों के सत्यापन की प्रक्रिया को अमल में नहीं लाया गया तो हम सभी बेसिक शिक्षा विभाग के खिलाफ लामबंद होंगे। इस अवसर पर जेपी पांडेय, संजय यादव, संदीप, सौरभ, शिवाजी, ओमप्रकाश मौर्य, शान्तनु, अखिलेश, श्वेता, अनीता, गायत्री, अपराजिता, अजय कुुमार उपस्थित थे।