मुगलसराय। भले ही स्कूलों की छूट्टियां नहीं हुई है लेकिन लोग गर्मी के सीजन में ठंडे प्रदेशों में जाने का मन बनाने लगे हैं। इसके लिए वे लगातार रेलवे के रिजर्वेशन काउंटरों की दौड़ लगा रहे हैं, लेकिन हिल स्टेशन की ओर जाने वाले सभी महत्वपूर्ण ट्रेनों में अगले दो माह तक सीट फूल हो चुकी है। नैनीताल, मसूरी, हरिद्वार, देहरादून, अमृतसर, जम्मूतवी, उटी, पूर्वोत्तर राज्यों की ओर जाने वाले ट्रेनों में जून के पहले सीट मिलना मुश्किल दिख रहा है।
गर्मियों के मौसम में हिल स्टेशनों पर जाने का पिछले कुछ वर्षों में प्रचलन तेजी से बढ़ा है। जब जिले में तापमान 40 से 45 डिग्री होता है तो हर कोई कश्मीर, नैनीताल, देहरादून की बर्फीली वादियों की सैर करना चाहता है। यही नहीं मुंबई, पूर्वोत्तर के राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ जाती है। स्कूलों में डेढ़ माह की छुट्टियां होती है। यह घूमने वालों के शौक को पूरा करने में सहायक होती है। इस वर्ष अप्रैल के मध्य में ही पारा 42 डिग्री पार कर गया है और लू का प्रकोप शुरू हो गया है। ऐसे में लोग पहाड़ी क्षेत्रों में जाने का प्लान बनाने लगे हैं लेकिन ट्रेनों में सीट की कमी इसमें बाधक बन रही है। मुगलसराय से हिल स्टेशन की तरफ जाने वाले ट्रेनों में आधा जून बीतने के बाद ही सीट मिल पाएगी। विभाग की वेबसाइट की जांच करने पर पता चला कि मुगलसराय से देहरादून जाने के लिए दून एक्सप्रेस में 29 मई को स्लीपर में दस और थर्ड एसी में 11 वेटिंग लिस्ट है। इस ट्रेन में मध्य जून के बाद ही सीट उपलब्ध हो रही है। इसी तरह साप्ताहिक उपासना एक्सप्रेस ट्रेन में भी तीस मई को स्लीपर में 48 और एसी में बीस वेटिंग है। बरेली और हरिद्वार तक जाने के लिए कुंभ एक्सप्रेस में 27 मई को स्लीपर में 46 ओर एसी में 25 नंबर वेटिंग है। जम्मूतवी एक्सप्रेस, अमृतसर मेल, अकाल तख्त एक्सप्रेस, हिमगीरी एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस में जून के पहले ट्रेनों में सीट नहीं है। कश्मीर जाने के इच्छुक लोगों के लिए अर्चना एक्सप्रेस में तीन जून को अर्चना एक्सप्रेस में सीट मिल सकती है। मुंबई जाने के लिए जनता एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, लोकमान्य सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेनों में भी 15 जून के पहले सीट नहीं है। दार्जिलिंग, सिक्कम, गुवाहाटी सहित पूर्वोत्तर राज्यों की सैर करने के लिए भी राजधानी एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल, गुवाहाटी एक्सप्रेस, त्रिपुर सुंदरी एक्सप्रेस, नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस में जून के अंतिम सप्ताह तक सीट नहीं है। महानंदा एक्सप्रेस में जून के पहले पखवारे में सीट मिल सकती है। इस संबंध में वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक दयानंद ने कहा कि गर्मी की दिनों में समस्या आती ही है। हालांकि समर ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा रहा है।
मुगलसराय(ब्यूरो)। गर्मी में यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे ने पटना और आनंद विहार तथा पटना झांसी के बीच दो ग्रीष्मकालीन एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन करेगी। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार के अनुसार यात्रियों की सुविधा के लिए पटना आनंद बिहार टर्मिनल पटना सुपरफास्ट ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन किया जाएगा। इसकी संख्या 02365/02366 होगी। इसमें एक सेकेंड एसी, चार थर्ड एसी, आठ स्लीपर, दो एसएलआर कोच सहित 15 कोच होंगे। इसका संचालन 28 जून तक किया जाएगा। इसी तरह पटना से झांसी तक 04185/04186 झांसी-पटना-झांसी समर स्पेशल ट्रेन (साप्ताहिक) का परिचालन किया जाएगा। इसमें थर्ड एसी के तीन, स्लीपर के चार कोच होंगे। छह कोच जनरल दो दो एसएलआर होंगे।