चकिया। किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने लतीफशाह बीयर के जल क्षेत्र में नगर पंचायत का कूड़ा डम्पिंग सेंटर बनाने के विरोध में तहसील दिवस में ज्ञापन दिया। ज्ञापन के बाद जिलाधिकारी नवनीत चहल के निर्देश पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता जेपी वर्मा तथा अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार मिश्र ने टीम के साथ कूड़ा डम्पिंग क्षेत्र का निरीक्षण किया।
किसान विकास मंच के अध्यक्ष जैराम सिंह ने कहा कि लतीफशाह बीयर के जलग्रहण क्षेत्र में कूड़ा डम्पिंग सेन्टर बनने से सिंचाई व्यवस्था में अवरोध उत्पन्न होगा तथा बीयर का पानी दूषित होने से इस पर आश्रित पशुओं एवं नागरिकों पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता तथा ईओ ने किसानों को डम्पिंग सेन्टर स्थानांतरित करने का भरोसा दिया। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक कुमार बागी, दामोदर सिंह, रामअवध सिंह, मंगल सिंह, सजीवन पाठक, जल लेखाकार धीरेन्द्र तिवारी, प्रेमनारायण सिंह, गोपाल यादव, चन्द्रभूषण, बृजेश सिंह, गोपाल, राधेश्याम सहित तमाम लोग मौजूद रहे।