चंदौली। सार्वजनिक स्थानों से अवैध कब्जा हटाने और भूमि विवादों के निबटारे के लिए प्रदेश सरकार की ओर से लागू किया गया श्रावस्ती माडल अभियान जनपद के सुदूर गांवों तक नहीं पहुंच पा रहा है। सदर ब्लाक का पुरवां गांव जहां चार बिस्वा का तालाब अतिक्रमणकारियों के कब्जे में है। ग्रामीणों ने कई बार विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाई। लेकिन आज तक इस दिशा में कोई पहल नहीं की जा सकी है।
पुरवा गांव के ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के तालाब पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है। कब्जेदार तालाब को मिट्टी से पाट रहे हैं। पशुओं को बांधने के साथ ही झोपड़ी भी लगा रखी है। अवैध कब्जे के चलते तालाब का दायरा सिमटता जा रहा है। करीब 2.5 बिस्वा तालाब की भूमि पर अतिक्रमणकारियों का अवैध कब्जा है। इसको लेकर ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों की ओर से कई बार संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों से गुहार लगाई गई। इसके बाद राजस्वकर्मियों की टीम ने गांव पहुंचकर तालाब की नापी भी की, लेकिन अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ी जा रही है। इस बाबत तहसीलदार गुलाबचंद्रा ने बताया कि मामले को संज्ञान में लिया जाएगा। राजस्वकर्मियों को गांव में भेजकर तालाब की नापी कराई जाएगी। अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।