मुगलसराय (चंदौली)। गुरमीत राम रहीम बलात्कार कांड में डेरा समर्थकों की हिंसा को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने मुगलसराय पहुंचने वाली 14 ट्रेनों को शनिवार को आरंभिक स्टेशनों से निरस्त कर दिया। इसकी वजह से जहां 13 ट्रेनें रविवार को मुगलसराय नहीं पहुंचेंगी। वहीं कोलकाता अमृतसर दुर्जियाना एक्सप्रेस शनिवार को गंतव्य को नहीं गई। मंडल रेल प्रबंधक किशोर कुमार के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे बोर्ड ने निर्णय लिया है। ट्रेनों के निरस्त रहने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मुगलसराय होकर हावड़ा, सियालदह और धनबाद की ओर रविवार को जाने वाली डाउन की ट्रेनों में 13006 डाउन पंजाब मेल, 13050 डाउन अमृतसर हावड़ा एक्सप्रेस, 13152 डाउन जम्मूतवी सियालदह एक्सप्रेस, 12326 डाउन नांगल डैम कोलकाता एक्सप्रेस, 13008 डाउन श्रीगंगानगर हावड़ा उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस, 13308 डाउन फिरोजपुर कैंट धनबाद गंगा सतलज एक्सप्रेस और 18202 डाउन नई दिल्ली पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस रेलवे बोर्ड के निर्देश पर शनिवार को आरंभिक स्टेशनों क्रमश: अमृतसर, जम्मूतवी, कालका और फिरोजपुर कैंट और नई दिल्ली से रद्द कर दी गईं। वहीं अप की ट्रेनों में 12331 हिमगिरि एक्सप्रेस, 13307 अप गंगा सतलज एक्सप्रेस, 12311 अप कालका मेल, 13005 अप पंजाब मेल, 13049 अप हावड़ा अमृतसर एक्सप्रेस और 13151 अप कोलकाता जम्मूतवी एक्सप्रेस, शुक्रवार को आरंभिक स्टेशन से निरस्त किए जाने से रविवार को मुगलसराय पहुंचकर गंतव्य को नहीं जाएंगी।