जांच के लिए जनपद से भेजे गए 31 सैंपल
संवाद न्यूज एजेंसी
चंदौली। मुख्यालय स्थित जिला अस्पताल स्थित आईसोलेशन वार्ड में शुक्रवार को 31 लोगों का जांच के लिए सैंपल लिया गया। इसके बाद सभी सैंपल को वाराणसी के बीएचयू में भेजा गया। इसमें चकिया से चार सैंपल शामिल है। अभी तक सभी रिपोर्ट निगेटिव आने से स्वास्थ्य विभाग राहत की सांस ले रहा है।
जनपद में कोरोना वायरस से लोगों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है। अब तक कुल 421 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। इसमें 358 सैंपल की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं अभी 63 सैंपल के रिपोर्ट का इंतजार है। यह जांच विभिन्न क्षेत्रों से लोग गैर प्रांतों व शहरों में गए हुए थे। वे लाकडाउन के कारण घर वापस लौट आए, लेकिन अभी तक जिनकी जांच नहीं हो पाई है। शक्रवार को 31 लोगों की जांच कर सैम्पल बीएचयू भेजा गया। इसमें चंदौली से 27 व चकिया से 4 सैंपल शामिल है। यहीं नहीं इसमें कुछ सैंपल मेडिकल स्टोर के कर्मचारियों के है जो वाराणसी के मेडिकल स्टोर के मालिक के संपर्क में आए थे। इनकी रिपोर्ट आने के बाद भी कोराना वायरस से प्रभावित का पता चल पाएगा। वहीं जिला प्रशासन व स्वास्थ्य प्रशासन के लिए राहत भरी खबर यह है कि अभी तक कोई कोरोना वायरस के संक्रमण का मरीज नहीं मिला है।