नियामताबाद। स्थानीय विकास खंड अंतर्गत जिला पंचायत के सेक्टर चार के 56 बूथों और सकलडीहा विकास खंड अंतर्गत आलमपुर के एक बूथ पर शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पुनर्मतदान हुआ। आलमपुर के बूथ संख्या 143 पर ग्रामीणों के हो हल्ला और मतपेटिका में स्याही डालने की वजह से पुनर्मतदान हुआ। वहीं नियामताबाद के सेक्टर चार के 56 बूथों पर जिला पंचायत सदस्य के मत पत्र पर एक प्रत्याशी का चुनाव चिह्न अंकित न होने की वजह से पुनर्मतदान कराया गया। पुनर्मतदान में 31.87 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया।
नियामताबाद विकास खंड के सेक्टर चार में 26 अप्रैल को मतदान हुआ लेकिन जिला पंचायत के मतपत्रों पर एक प्रत्याशी का चुनाव चिह्न अंकित नहीं था। प्रत्याशी ने इसकी शिकायत डीएम से की। जिन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग को मतदान को निरस्त किए जाने का प्रस्ताव दिया। इस पर निर्वाचन आयोग ने स्वीकृति देते हुए एक मई को जिला पंचायत का चुनाव कराने की स्वीकृति दी। इसके तहत शनिवार सुबह सात बजे से 56 बूथों पर दुबारा मतदान कराया गया। शुरू में तो मतदान की गति कुछ ठीक रही। बाद में बहुत ही धीमी गति हो गई। शाम छह बजे तक 31.87 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के बाद सभी मतपेटियों को केंद्रीय विद्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखा गया।
यहां रविवार को मतों की गिनती होगी। इसी तरह सकलडीहा विकास खंड के आलमपुर गांव में कड़ी निगरानी में दुबारा मतदान कराया गया। बूथ संख्या 143 पर 781 मत में कुल 624 वोटरों ने मतदान किया। 26 अप्रैल को मतदान के दिन एक प्रत्याशी के समर्थकों ने बूथ के अंदर घुस कर एक बैलेट बाक्स में स्याही डाल दी थी। इससे बूथ संख्या 143 का मतदान स्थगित हो गया था। सुबह से ही प्रभारी निरीक्षक अलीनगर संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस कर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ वोटरों का बारी बारी से मतदान कराया।