पीडीडीयू नगर। जिले की अलग-अलग थाने की पुलिस ने शुक्रवार को संरक्षित पशुओं की तस्करी करने के आरोप में पांच का चालान किया है। इस दौरान तस्करी कर ले जाए जा रहे 30 संरक्षित पशु बरामद हुए।
कंदवा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो पिकअप से ले जाए जा रहे 10 संरक्षित पशुओं को बरामद किया। इस दौरान तस्करी के आरोप में 04 लोगों को पकड़ा गया। थानाध्यक्ष राजीव मल्ल ने बताया कि शुक्रवार को बहेरा तिराहा के पास चेकिंग के दौरान एक पिकअप आते दिखा। उसे रोकने का इशारा किया गया तो चालक भागने लगा और बेकाबू होकर नहर में पलट गया। पिकअप से 5 संरक्षित पशु बरामद हुए। दो आरोपी आकाश गौड निवासी बलुआ सराय, बलुआ और विशाल कुमार भारती निवासी चहनिया बलुआ को पकड़ा गया। इसी तरह बकैड़ी चौराहे के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप से 5 संरक्षित पशु बरामद किए गए और दो आरोपी कमलेश बिंद निवासी सहेडी थाना नंदगंज गाजीपुर और शैलेंद्र बिंद निवासी ग्राम बकरा बाद थाना कोतवाली गाजीपुर को पकड़ा गया। इसी तरह नौगढ़ पुलिस ने बृहस्पतिवार की शाम चार बजे चंद्रप्रभा डैम के पास जंगल से पैदल हांक कर ले जाए जा रहे 06 संरक्षित पशु बरामद किए। इस दौरान आरोपी कन्हैया निवासी ग्राम बोदलपुर थाना चकिया और चंद्रशेखर साहनी निवासी प्रभु नारायनपुर जंगल चुडिया थाना चकिया को पकड़ा गया। वहीं चंदौली कोतवाली पुलिस ने पगडंडी के रास्ते नवही चौराहे से धरौली मार्ग पर पैदल हांक कर ले जाए जा रहे 14 संरक्षित पशु बरामद किए।